October 29, 2026

सीएम डॉ. मोहन ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में ट्रांसफर किए 22 करोड़ 89 लाख, दी 461.83 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

0
tandu


शहडोल के बाणगंगा मैदान में आयोजित हुआ भव्य समारोह
134 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण हुआ
12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दी स्कूटी
शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जायेगा

25 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 अक्टूबर को शहडोल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बाणगंगा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना जिले के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने संग्रहण वर्ष 2024 अंतर्गत 8 लाख 66 हजार से अधिक पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 22 करोड़ 89 लाख की बोनस राशि ट्रांसफर की। उन्होंने 22.14 करोड़ की लागत से दक्षिण वनमंडल, शहडोल के नवनिर्मित कार्यालय भवन और आवासीय परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने 461.83 करोड़ की लागत के विभिन्न विभागों के कुल 134 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इससे पहले सीएम डॉ. यादव ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी भी वितरित की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश लघु वनोपज संघ की एकलव्य छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत दक्षिण वन मंडल, उमरिया की वसुंधरा सिंह परिहार को 25,000 की छात्रवृत्ति का चेक प्रदान किया। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि (बोनस) वितरण अंतर्गत उमरिया वन मंडल के राजमिल को 19,188, सीधी वन मंडल के अनिल कुमार कोरी को 16,870 रुपये के बोनस राशि के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार के माध्यम से हमारी जो भी घोषणा थी उस पर अमल करते हुए हर एक व्यक्ति की मेहनत का पूरा पैसा हम बराबरी से दिलवा रहे हैं। तेंदूपत्ता बोनस की राशि हो या हमारी लाड़ली बहनों की राशि हो या किसान सम्मान निधि की राशि हो, सबको सबका हक दिलाने के लिए हम तत्पर हैं। आज शहडोल में लगभग 450 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। हमारी सरकार आदिवासी भाई-बहनों के हित के लिए 24 घंटे कार्यरत है। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले मेधावी बच्चों को स्कूटी और लैपटॉप हमारी सरकार दे रही है। कांग्रेस की सरकार में तो बच्चों को बैठने के लिए टाट-पट्टी तक की सुविधा नहीं थी।

लाखों किसानों को होगा फायदा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गरीब आदमी को पक्का मकान, गैस कनेक्शन, निःशुल्क राशन समेत मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के माध्यम से शासकीय बस सुविधा भी मिलने जा रही है। हमने धान के लिए भी पुनः पंजीयन खोला है। इससे प्रदेश के लाखों किसान लाभान्वित होंगे। आज 150 करोड़ की लागत से 34 हाई स्कूल भवनों और 4 जनजातीय कन्या छात्रावासों का भूमिपूजन किया गया। बिछिया में फुटबॉल खेल सुविधाओं के विकास के लिए 5.10 करोड़ दिए जाएंगे, ताकि हमारे बच्चे खेलों में आगे बढ़ सकें। हमारी सरकार शिक्षा, बिजली, पानी, सिंचाई और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को 75% बोनस, 32 लघु वनोपज पर समर्थन मूल्य और सहरिया बहनों को 1,500 की सहायता दी जा रही है। शहडोल में बैगा परिवारों के लिए लगभग 17 हजार आवास, 65 किलोमीटर सड़कें और 28 हजार परिवारों तक जल सुविधा पहुंचाई गई है।

चारों ओर होगा विकास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय बेटियों की छात्रवृत्ति अब 10 महीने के बजाय पूरे 12 महीने मिलेगी। हमारी सरकार में 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती हुई है और आगे एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। साथ ही, स्लीमनाबाद टनल, नदी जोड़ो अभियान और भावांतर भुगतान जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि शहडोल में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। जयसिंह नगर तहसील के अंतर्गत शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क बनाई जाएगी। शहडोल में गीता भवन निर्मित होगा। उन्होंने कहा कि शहडोल में सभी प्रकार के कोर्स के लिए विश्वविद्यालय की घोषणा करता हूं। साथ ही इस्पात की नई फैक्ट्री भी खोली जाएगी। इससे 4 हजार लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, जिले में मां नर्मदा के किनारे परिक्रमापथ पर उनके रुकने और घाट समेत आवश्यक व्यवस्था भी हम बहुत शीघ्र करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा गोपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। 25 गायों को पालन पर 40 लाख की योजना बनेगी, इसमें 10 लाख की आर्थिक सहायता हमारी सरकार देगी।

जन-कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि सड़क पर कोई घायल व्यक्ति मिलता है, तो उसे अस्पताल पहुंचाने में डरने की जरूरत नहीं है। सरकार घायल के इलाज के लिए डेढ़ लाख रुपए तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी और घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25,000 की सहायता भी देगी। घायल व्यक्ति किसी का बेटा, पिता या पति है। उसकी जान बचाना हमारी मानवीय जिम्मेदारी है। इसी तरह, शहडोल और उमरिया सहित अन्य क्षेत्रों के अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर, भोपाल, दिल्ली या मुंबई ले जाने की जरूरत पड़ने पर सरकार एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध करा रही है। हेलीकॉप्टर हो या हवाई जहाज, मरीज की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उमरिया शहर की एमपीआरडीसी की मुख्य सड़क का भी नवनिर्माण कराया जाएगा। हाथियों के कारण जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके मकान बनवाने की व्यवस्था सरकार करेगी। साथ ही, हाथियों से प्रभावित परिवारों के मकानों और खेतों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि वन क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए रेस्क्यू सेंटर विकसित किए जाएंगे, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हो। कान्हा, बांधवगढ़, पेंच और पन्ना जैसे पर्यटन स्थलों के आसपास स्थानीय परिवारों को होम स्टे की सुविधा विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जो परिवार पर्यटकों के ठहरने के लिए अतिरिक्त कमरा बनाएंगे, उन्हें सरकार की ओर से 2 लाख की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी, जिससे उन्हें रोजगार और आय का नया साधन मिल सके। उन्होंने कहा कि अब सरकार फाइलों में नहीं बल्कि, फैसलों पर तथा संभावनाओं पर नहीं, बल्कि समाधान पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए और मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ हर हाल में सत्ता को हथियाना है, लेकिन इसके लिए वे काम नहीं करना चाहते। हमारी सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed